फोटो:17: जिला अस्पताल ब्लड बैंक। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में एक भी यूनिट निगेटिव ग्रुप का ब्लड नहीं बचा है। ऐसे में मरीजों को इस ग्रुप के खून के लिए भटकना पड़ रहा है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को खून के लिए कानपुर और लखनऊ की लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।
किसी हादसे का शिकार और अस्पताल में भर्ती मरीजों को ऑपरेशन के दौरान रोगियों को खून की जरूरत पड़ती रहती है, लेकिन इन दिनों किसी भी निगेटिव ब्लड ग्रुप के मरीज को खून की जरूरत पड़ जाए तो उसे कानपुर या फिर लखनऊ के ब्लड बैंक की दौड़ लगानी पड़ सकती है। मौजूदा समय में जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में सिर्फ 36 यूनिट ब्लड है।
ज्यादातर मरीज आर्थिक रूप से कमजोर होने की वजह से सरकारी अस्पतालों में ही भर्ती होने के लिए आते हैं। डोनर होने पर सरकारी अस्पताल के ब्लड बैंक से निशुल्क खून दिया जाता है। वहीं प्राइवेट ब्लड बैंक काफी पैसे वसूलते हैं। अब जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में निगेटिव ग्रुप का ब्लड पूरी तरह खत्म हो चुका है। यहां एक भी यूनिट निगेटिव ग्रुप का ब्लड नहीं है।
ये है जिला अस्पताल के ब्लड बैंक की स्थिति
ब्लड ग्रुप संख्या
ए पॉजिटिव 04
ए निगेटिव 00
बी पॉजिटिव 17
बी निगेटिव 00
ओ पॉजिटिव 10
ओ निगेटिव 00
एबी पॉजिटिव 05
एबी निगेटिव 00
बहुत कम लोगों का ब्लड ग्रुप निगेटिव होता है। ब्लड बैंक में मौजूदा वक्त एक भी यूनिट निगेटिव ग्रुप का ब्लड नहीं बचा है। लोगों से अपील है कि रक्तदान जरूर करें। -जिला अस्पताल ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. विभांशु चतुर्वेदी।