सौरिख। खड़िनी रोड पर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के पास तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर परिवार में चीखपुकार मच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के खड़िनी चौकी के ग्यासपुर निवासी श्याम सिंह जाटव (24) शुक्रवार सुबह सौरिख बाजार में खरीदारी करने आया था। लौटते समय सौरिख-खड़िनी रोड पर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के अंडरपास के नीचे पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही श्याम सिंह उछल कर अंडरपास के किनारे लगे ईंट के ढेर से टकरा गया और उसका सिर फट गया।
आसपास मौजूद लोगों ने एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना से पत्नी शोभा और परिजन बदहवास हो गए। मृतक के तीन साल की एक बेटी है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है।