सौरिख। पड़ोसी गांव से भंडारा खाकर मंगलवार को लौट रहे बाइक सवारों की कार से आमने सामने टक्कर हो गई। घटना में कार 10 फीट गहरी खाई में जा गिरी और कार सवार मौके से फरार हो गए। बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया।
थाना क्षेत्र के नगला चैनू निवासी राजकुमार चचेरे भाई मुकेश के साथ पड़ोसी गांव नगला डडुअन से भागवत कथा के बाद भंडारा खाकर रात आठ बजे बाइक से घर जा रहे थे। तभी सौरिख नादेमऊ रोड पर टड़हा गांव के पास बरसाती नाले के पुल पर नादेमऊ से सौरिख आ रही कार ने ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के प्रयास में सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। घटना के बाद कार और बाइक 10 फीट गहरे नाले की खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कार सवार मौके से फरार हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायल भाइयों को एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर दोनों भाइयों को मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि घायलों को मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। हादसे की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।