दुर्घटना में महिला की मौत के बाद जिला अस्पताल में रोते परिजन।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। फतेहगढ़ से हरदोई बाइक से जाते वक्त दंपती की बाइक को पीएसी के ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई। पति घायल है। पुलिस ने जिला अस्पताल के मेमो के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला मायके जा रही थी।
फर्रुखाबाद जिले की कोतवाली फतेहगढ़ के गांव नगला बाग निवासी गोमती(35) पति राज वर्मा के साथ बाइक से हरदोई जनपद के गांव भूढ मढइयां जा रही थीं। जीटी रोड पर सदर कोतवाली इलाके के गांव कटरा के सामने पीछे से पीएसी के ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। गोमती बाइक समेत जीटी रोड पर गिर गईं। सिर में गंभीर चोट लगने से बेहोश हो गईं। इलाकाई लोगों ने दंपती को ऑटो से जिला अस्पताल भेजा। जिला अस्पताल में डॉक्टर रवि शर्मा ने जांच के बाद गोमती को मृत घोषित कर दिया। पति का इलाज किया गया।
जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। रिश्तेदार जिला अस्पताल पहुंच गए। जानकारी पर मायके व ससुराल पक्ष के लोग भी जिला अस्पताल आ पहुंचे। परिजनों की ओर से किसी के खिलाफ तहरीर न देने से पुलिस ने जिला अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया। शाम के समय परिजन शव लेकर घर चले गए। राज वर्मा ने बताया कि वह जीटी रोड के किनारे से जा रहे थे। इसी बीच पीएसी का तेज रफ्तार ट्रक पीछे से आया। उसने बाइक को टक्कर मार दी। इससे पत्नी की गिरकर मौत हो गई।