नजरापुर गांव में बारिश से कटा रोड।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। बारिश ने किसानों को तबाह कर दिया है। शहर से लेकर गांवों तक सड़कों और खेतों में पानी भर गया। निचले इलाकों में दुकानों, घरों, गलियों में जलभराव हो गया है। महिला और किशोर की मौत हो गई। खेतों में आलू, सरसों और धान की फसल नष्ट हो गई। जलमग्न फसलों को देखकर किसानों के आंसू छलक गए।
रविवार से शुरू हुई बारिश सोमवार रात को आफत बन गई। पूरी रात रुक-रुक कर मूसलाधार बारिश हुई। बारिश ने रिकार्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग के अनुसार 392 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। आलू, धान और सरसों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। जिले के करीब दो लाख किसानों के अरमान तबाह हो गए। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहर और कस्बों में सड़क, गलियां नदी-नाले की तरह बहने लगीं। कई दुकानों और मकानों में पानी घुस गया। बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे जनजीवन प्रभावित हो गया।
गुरसहायगंज कोतवाली के भुड़हा गांव में मामा जीतू के घर रह रहे गोलू (13) पुत्र जितेंद्र (निवासी मऊआ नगला, घटियाघाट,फर्रुखाबाद) का पैर नाले में फिसल गया। इससे पानी में डूबकर मौत हो गई। वहीं नवरंगपुर चौकी के भवानीपुर गांव निवासी रामकिशोर वर्मा की 35 वर्षीय पत्नी रेनू और तीन बच्चे दीवार गिरने से मलबे की चपेट में आ गए। इसमें रेनू की मौत हो गई। बारिश से जिले के करीब 50 गांवों के संपर्क मार्ग कटने से आवागमन प्रभावित हो गया।