नेशनल हाईवे की ओर से सिंहपुर में कराया गया काली देवी मंदिर का निर्माण।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। भारत सरकार के सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा माह के अंतर्गत चल रहे अभियान के तहत नगर के पश्चिमी बाईपास से निगम मंडी तक सीमांकन कार्य किया गया। इससे पूरे दिन व्यापारियों में हड़कंप मचा रहा।
नेशनल हाईवे के परियोजना निदेशक अमित रंजन चित्रांशी ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देश पर अतिक्रमण अभियान चलाया जाना है। पहले सीमांकन किया जाएगा। इसके बाद नोटिस दिया जाएगा। राजस्व रिकार्ड में दर्ज जमीनों व निर्माण को जिला प्रशासन की मदद से खाली कराया जाएगा। उन्होंने लोगों से खुद अतिक्रमण हटाने की अपील की। उन्होंने बताया कि नेशनल हाईवे चौड़ीकरण में प्रेमपुर से लेकर कन्नौज तक के राजमार्ग पर आने वाले मंदिर, मस्जिद व गुरुद्वारों को आम सहमति से दूसरे स्थान पर स्थापित किया जाएगा। प्रेमपुर में जीटी रोड स्थित काली देवी मंदिर की पुन: स्थापना जीटी रोड के किनारे ही सिंहपुर में ग्राम समाज की जमीन पर करवाई गई है। व्यक्तिगत मंदिर के स्वामियों को मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मंदिरों के लिए अलग-अलग बने नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाती है।
नगर बचाओ समिति ने की नए बाईपास की मांग
नगर बचाओ समिति के सदस्यों ने एकजुट होकर व्यापारियों के हित में नए बाईपास को बनाने की मांग की है। सांसद सुब्रत पाठक, विधायक अर्चना पांडेय सहित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अलग-अलग भेजे गए पत्रों में व्यापारियों ने मांग की है कि नगर के व्यापार को बचाने में मदद करें। इस अवसर पर हुई बैठक में डॉ. अशोक तांवरे, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सतीश चतुर्वेदी, श्रीपाल कठेरिया, आलोक दुबे, राहुल दुबे एडवोकेट, प्रणव सक्सेना एडवोकेट, श्याम सिंह राजपूत एडवोकेट, नवीन दुबे, बीनू शाक्य, मोहम्मद दाउद, गौरव त्रिपाठी, कासिम खां, अजय दुबे उर्फ मुन्ना तथा राजेश दुबे एडवोकेट मौजूद रहे।