जीत के बाद अभिवादन करते बार एसोसिएशन अध्यक्ष राजेंद्र बाबू।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। बेहद रोमांचक मुकाबले में राजेंद्र बाबू द्विवेदी ने बार एसोसिएशन अध्यक्ष पद का चुनाव जीत लिया। परिणाम आते ही समर्थक अधिवक्ता खुशी से झूम उठे। फूल मालाओं से लाद दिया।
शनिवार को बार एसोसिएशन का चुनाव हुआ। भारी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच 448 अधिवक्ताओं ने वोड डाले। अध्यक्ष पद के दावेदार राजेंद्र बाबू द्विवेदी को सबसे ज्यादा 230 वोट मिले। उन्होंने शिवकुमार यादव को 13 वोटों से पछाड़ कर जीत हासिल की। महासचिव पद के प्रत्याशी रामेंद्र सिंह कटारा को 235 वोट मिले। उन्होंने प्रधुम्न कुमार गुप्ता को 32 वोट से पराजित कर दिया।
कोषाध्यक्ष के पद पर अनुराग अवस्थी को 177 मत मिले। उन्होंने विपक्षी नरेंद्र विक्रम प्रताप सिंह को 20 वोट से हरा दिया। संजीव कुमार पटेल को 89 वोट मिले। सह सचिव प्रसारण पद के दावेदार अखिलेश कुमार यादव को 287 वोट मिले। उन्होंने विवेक कुमार दीक्षित को 144 वोट से हराया।
एक-एक वोट से बढ़ रही थी धड़कन
इस बार चुनाव में कांटे की टक्कर देखने को मिली। पहले चरण में राजेंद्र बाबू को छह, शिवकुमार यादव को तीन वोट मिले। इसके बाद दोनों दावेदारों के बीच बढ़त और घटत चलती रही। समर्थकों की एक-एक वोट से धड़कन बढ़ती रही। अंतिम चरण में हार जीत का फैसला हो सका।