छिबरामऊ। अधूरी सड़क व नाला निर्माण के लिए चल रहे क्रमिक अनशन पर प्रशासन की निगाह टेढ़ी हो गई है। सातवें दिन एसडीएम देवेश गुप्ता ने फोन से पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता से अनशनकारियों की बात कराई। बात न बनने पर एसडीएम ने अनशन जल्द खत्म न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
यह क्रमिक अनशन सौरिख रोड पर काली मठिया के पास हो रहा है। शनिवार को एसडीएम देवेश गुप्ता ने अनशन स्थल पर पहुंचकर क्रमिक अनशन की अगुवाई कर रहे पूर्व सभासद हरिशरण शाक्य की पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता से बात कराई। हरिशरण शाक्य का आरोप है कि अधिशासी अभियंता ने मंदिर का बरामदा हटाने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू कराने के कहा है।
उनकी मांग है कि बगैर बरामदा तोड़े अधूरी सड़क व नाले का निर्माण कराएं। इस पर अफसर तैयार नहीं हुए। अनशनकारियों का आरोप है कि शांतिपूर्ण ढंग से चल रहे धरने को समाप्त न करने पर एसडीएम ने कार्रवाई की चेतावनी दी है। इस चेतावनी से उन लोगों में नाराजगी है। इस मौके पर रामनरेश शाक्य, बादाम सिंह शाक्य, समाजसेवी अमित शाक्य, डॉ. गणेश चतुर्वेदी, सुरेश चंद्र शाक्य, दिनेश चंद्र शाक्य, इरफान, भंते, अमन शाक्य, सतीश शाक्य, बृजपाल सिंह शाक्य, रवींद्र सिंह शाक्य समेत कई लोग मौजूद रहे।
उधर, इस संबंध में एसडीएम देवेश गुप्ता ने बताया कि क्रमिक अनशन गैरकानूनी तरीके से किया जा रहा है। अनशनकारी अपने अधिकारों का उल्लंघन कर रहे हैं, जबकि अधूरी सड़क व नाले के निर्माण के लिए पीडब्लूडी को पहले ही लिखा जा चुका है।