कन्नौज। डंपर बेचने के नाम पर दो लोगों ने सात लाख रुपये ठग लिए। वापस मांगने पर गालीगलौज कर धमकी दी। थाना सौरिख के गांव कबीरपुर निवासी शाहनबाज आलम ने मंगलवार को एसपी विनोद कुमार को प्रार्थना पत्र दिया। पत्र में बताया कि तिर्वा रोड नसरापुर के पास एक फाइनेंस कंपनी का यार्ड है। डंपर खरीदने के संबंध में दो लोगों से बात हुई। उन लोगों ने यार्ड में खड़ा डंपर दिखाया। 25.50 लाख में डंपर का सौदा हो गया।
दो लाख रुपये नकद व पांच लाख रुपये दो से पांच अप्रैल 2023 तक युवक के खाते में फोन पे से ट्रांसफर कर दिए। युवक ने 20 दिन में डंपर देने का वादा किया। शाहनवाज ने डंपर का स्टेट्स चेक किया तो उस पर 67 हजार का चालान था। उसने युवक से बात तो उसने चालान होने से मना कर दिया। एक फर्जी एनओसी बनाकर दे दी। काफी समय बीतने के बाद भी डंपर न मिलने पर रुपये मांगे तो युवक ने चेक काटकर दे दी। खाते में रुपया नहीं होने पर चेक बाउंस हो गई। युवक से इस संबंध में बात तो उसने गाली गलौज कर धमकी दी। एसपी ने जांच के आदेश दिए है। (संवाद)