कन्नौज। विलुप्त हो रही आल्हा विधा को संरक्षित करते हुए इत्रनगरी के सुप्रसिद्ध आल्हा गायक संग्राम सिंह ने भूटान भारत साहित्य महोत्सव में सहभागिता की। भूटान की राजधानी थिम्फू में 12 से 17 सितंबर तक महोत्सव भूटान सरकार की ओर से आयोजित हुआ। इसमें कई देशों से साहित्य और संस्कृति से जुड़े कलाकार शामिल हुए।
भारत सहित विभिन्न देशों की कला और संस्कृति को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हुए इस आयोजन में संग्राम सिंह ने मंच पर आल्हा की अनूठी प्रस्तुति दी। इस योगदान के लिए उन्हें अंतरराष्ट्रीय भूटान भारत मैत्री अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। संग्राम सिंह प्रदेश सहित देशभर में आल्हा गायन की प्रस्तुतियां दे चुके हैं। सदर विधायक व समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि भूटान में संग्राम सिंह आल्हा प्रस्तुति ने उत्तर प्रदेश बल्कि भारत की लोककला को भी वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित किया है। ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है।