तिर्वा। लंबे समय से स्टाफ नर्सों की कमी से जूझ रहे राजकीय मेडिकल कॉलेज को जल्द ही राहत मिलने जा रही है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 1320 नर्सों का चयन किया गया है। इन नर्सों को विभिन्न मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों में तैनात किया जाएगा। इससे स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में कुल 363 स्टाफ नर्सों के पद स्वीकृत हैं पर वर्तमान में 110 नर्सें कार्यरत हैं। नर्सों की कमी के चलते मरीजों को समय पर उचित देखभाल नहीं मिल पा रही है और व्यवस्थाएं भी प्रभावित हो रही हैं। आपातकालीन सेवाओं से लेकर वार्डों तक नर्सों की कमी बार-बार चुनौती बन रही है। नर्सों की तैनाती से चिकित्सा सुविधाओं की गुणवत्ता में वृद्धि होगी और कॉलेज में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा।
प्राचार्य डॉ. सीपी पाल ने बताया कि सितंबर माह के अंत तक चयनित स्टाफ नर्सों की नियुक्ति की संभावना है। भर्ती पूरी होने के बाद मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा। मरीजों को बेहतर उपचार और देखभाल उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही स्टाफ पर पड़ने वाला अतिरिक्त कार्यभार भी कम होगा।