कन्नौज। स्वास्थ्य विभाग ने कानपुर में जीका वायरस के बढ़ते केस देखते हुए जिले में अलर्ट कर दिया है। कानपुर से सटे इलाकों में बुखार के मरीजों की सैंपलिंग के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग से जिला अस्पताल से बुखार के 200 और तिर्वा से 100 मरीजों के सैंपल लैब भेजने के लिए कहा गया है।
सीएमओ डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि कानपुर में बुधवार को जीका वायरस के 25 मरीज मिलने के बाद सटे जिलों में अलर्ट के निर्देश दिए गए हैं। सदर और तिर्वा के अधिकांश लोग खरीदारी और नौकरी करने कानपुर जाते हैं। इन पर नजर रखने के निर्देश हैं। जिला अस्पताल में सदर क्षेत्र के लोग इलाज के लिए आते हैं। इससे यहां बुखार से पीड़ित 200 मरीजों के यूरीन और ब्लड सैंपल लेने के निर्देश दिए गए।
राजकीय मेडिकल कालेज तिर्वा और सीएचसी की ओपीडी में बुखार के 100 मरीजों के यूरीन और ब्लड सैंपल लेने के निर्देश हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम से गांवाें से दो से चार लोगों का सैंपल लखनऊ की लैब में भेजने के लिए कहा गया है। वहीं बुधवार को त्योहार के कारण कम मरीज आए। इससे सैंपल दो से चार दिन में भेजने के लिए कहा गया।