तिर्वा (कन्नौज)। ठठिया क्षेत्र के जनखत गांव में फर्जी तरीके से चला रहे लोकवाणी/जनसेवा केंद्र का मामला तहसीलदार ने रंगे हाथों पकड़ा। यह जनसेवा केंद्र हसेरन क्षेत्र के खरगपुर गांव के लोकवाणी संचालक का आईडी हैक कर चलाया जा रहा था। इसमें एक तहसीलकर्मी की भी मिलीभगत पाई गई। इस पर तहसीलदार ने दोनों के खिलाफ कोतवाली में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करा दिया।
तहसीलदार ऋषिकांत राजवंशी ने ठठिया क्षेत्र के लुंजीपुर जनखत गांव निवासी प्रमोद कुमार राजपूत पुत्र राजेंद्र प्रसाद व बंगरियापुर गांव निवासी व तहसील में कार्यरत अरविंद कुमार राजपूत पुत्र चंद्रशेखर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। हवाला दिया है कि उन्होंने जब जनखत गांव जाकर मामले की जांच-पड़ताल की तो पाया कि प्रमोद कुमार राजपूत अपनी दुकान पर जनसेवा केंद्र का बोर्ड लगाकर जनखत के ई-डिस्ट्रिक प्लान के तहत जारी किए जाने वाले आय, जाति व मूल निवास प्रमाण पत्रों के आवेदन ले रहे थे।
जब मामले की गहराई से जांच की गई तो पाया कि उनके पास जनसेवा केंद्र का कोई भी लाइसेंस नहीं है। वह अपना संचालन लोकवाणी संचालक खरगपुर हसेरन के भूपेंद्र सिंह पुत्र अवधेश सिंह की आईडी को हैक कर फर्जी तरीके से आवेदन पत्रों में रिपोर्ट लगाकर प्रमाण पत्र जारी कर रहे हैं। उनके इस काम में अरविंद कुमार राजपूत जो कि तिर्वा तहसील में वर्ष 2012 से तहसील दिवस के वेंडर हैं। वेंडर होने के नाते प्रमाण पत्रों को बनाने का काम उनके पास है। तहसीलदार के डिजिटल हस्ताक्षर भी उनके पास मौजूद रहते हैं।
उनकी बिना जानकारी में ही प्रमाण पत्रों पर रिपोर्ट लगकर उनके हस्ताक्षर से प्रमाण पत्र जारी हो रहे हैं। तिर्वा कोतवाल श्यामवीर सिंह ने बताया कि तहसीलदार की रिपोर्ट के आधार पर दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोनों नामजद अभियुक्त मौके से फरार हैं।