सिकंदरपुर। पुलिस महकमे में रिश्वतखोरी थमने का नाम नहीं ले रही है। रिश्वत में आलू मांगने का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि सिकंदरपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव में गाली-गलौज के मामले में कार्रवाई के नाम पर एसी की डिमांड की, जिसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि अमर उजाला इस वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।
चपुन्ना चौकी क्षेत्र के एक मामले में पुलिस कर्मी ने रिश्वत के नाम पर पांच किलो आलू की डिमांड की थी। बाद में सौदा दो किलो पर आ गया था। इस रिश्वतखोरी का ऑडियो वायरल होने के बाद एसपी अमित कुमार आनंद ने चपुन्ना चौकी इंचार्ज को निलंबित कर जांच शुरू करा दी थी। रिश्वतखोरी का यह मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ पाया था कि सिकंदरपुर चौकी क्षेत्र की गांव सभा चंदरपुर के प्रधान प्रतिनिधि रवि कुमार गाली गलौज की शिकायत लेकर चौकी पर पहुंचे थे।
आरोप है कि यहां मिले चौकी इंचार्ज ने उनसे एसी की डिमांड करते हुए चौकीदार मूलचंद्र को मामले के निपटारे की जिम्मेदारी सौंप दी। इसके बाद शिकायत पर हुई कार्रवाई की जानकारी के लिए प्रधान प्रतिनिधि ने जब भी फोन किया तो चौकीदार ने चौकी इंचार्ज का नाम लेकर प्रधान से एसी की डिमांड रखी। प्रधान ने ऑडियो के साथ कार्रवाई के लिए एसपी को शिकायती पत्र सौंपा। सीओ ओमकार नाथ शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।