जसोदा। बाल कटवाने के बाद काली नदी में नहाते समय दो दोस्त डूब गए। घाट पर मौजूद अन्य दोस्तों ने एक को बचा लिया, जबकि टेंपो चालक लापता हो गया। गोताखोरों ने नदी में चालक की तलाश शुरू की है।
गुरसहायगंज कोतवाली के जलालाबाद कस्बा निवासी इकलाख (32) टेंपो चलाता है। गुरुवार शाम करीब चार बजे जसोदा में वह दोस्त हाशिम, आसिफ, राहुल, फहीम और शमीम के साथ बाल कटवाने आया था। हाशिम और इकलाख ने बाल कटवाने के बाद काली नदी में नहाने की बात कही। इससे सभी दोस्त कूलापुर गांव में काली नदी में नहाने लगे। अन्य दोस्त नदी में नहाकर बाहर आ गए, जबकि हाशिम और इकलाख नदी में नहा रहे थे। इस दौरान दोनों गहरे में पानी डूब गए। अन्य दोस्तों ने हाशिम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि इकलाख गहरे पानी में लापता हो गया। स्थानीय गोताखोरों ने टेंपो चालक इकलाख की तलाश नदी में शुरू की है। सीओ सदर शिव प्रताप सिंह ने बताया कि डूबे युवक की तलाश की जा रही है।