छिबरामऊ। पोल पर इंसुलेटर के पास हुए फाल्ट को ठीक करते समय लाइनमैन करंट की चपेट में आकर झुलस गया। आनन-फानन में शट डाउन लेकर लाइनमैन को सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सैफई के लिए रेफर कर दिया गया।
क्षेत्र के ग्राम गिरधरपुर निवासी लाइनमैन अरविंद कुमार उर्फ अन्नू (32) रविवार को नगर के पूर्वी बाईपास पर फाल्ट ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ा था। पोल के नीचे लाइनमैन अजय व भूरे खड़े थे। लाइनमैन अरविंद ने बिजली विभाग से भूलवश दो नंबर की जगह फीडर नंबर एक का शटडाउन लिया था। जैसे ही वह पोल पर ऊपर पहुंचा, तभी करंट की चपेट में आ गया और झुलस गया। नीचे खड़े लाइनमैन अजय व भूरे ने आनन-फानन में शटडाउन लेकर आपूर्ति बंद कराई।
बिजली कर्मियों ने लाइनमैन को नीचे उतारा और सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पाकर जेई अजय अवस्थी सहित कई कर्मचारी अस्पताल पहुंच गए। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने लाइनमैन को गंभीर हालत में आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई के लिए रेफर कर दिया।