एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ी क्षतिग्रस्त कार। संवाद
- फोटो : CHIBRAMAU
सौरिख। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बिहार से दिल्ली जाते समय कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में मां-बेटा समेत चार लोग घायल हो गए। बेटे को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया है।
बिहार के मोतिहारी जिले में थाना कैनारा के विशुनपुर गांव निवासी संजय साहनी, पत्नी रंजा देवी, बेटे साहिल व साहिब और बेटी नंदनी के साथ बुधवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से दिल्ली जा रहे थे। कार को हरियाणा के पानीपत के संभल गांव निवासी वीरेंद्र चला रहे थे। सौरिख क्षेत्र में चालक को झपकी आने से कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। चालक समेत संजय, रंजा देवी, बेटा साहिब गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे यूपीडा सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह, नामवर सिंह, प्रदीप कुमार ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से सभी घायलों को छिबरामऊ के सौ शैया अस्पताल भेज दिया गया। वहां से बाद में साहिब को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया। क्षतिग्रस्त वाहन को टोल प्लाजा पर खड़ा करा दिया गया है।