तिर्वा। सोशल मीडिया पर गोवंश को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले युवक पर कार्रवाई के लिए विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने शिकायत दर्ज कराई थी। रविवार को पुलिस ने आरोपी युवक काे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
क्षेत्र के ग्राम नजरापुर पट्टी निवासी आफताब हुसैन ने फेसबुक अकाउंट से गोवंश पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए पोस्ट की थी। पोस्ट वायरल होते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाल वीरेंद्र विक्रम सिंह ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। सिपाही ओमवीर और आदित्य ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शांति भंग की धारा में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कोतवाल ने बताया कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें और अफवाहों पर ध्यान न दें।