जलालाबाद। नेशनल हाईवे पर स्थित लिली कोल्ड स्टोर के पास गुप्ता ढाबे के सामने अवैध पार्किंग पर अंकुश लगाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सख्त कदम उठाया है। हाईवे के कट के सामने वाहनों के अनधिकृत रूप से खड़े होने की शिकायतों के बाद मंगलवार को जेसीबी से गड्ढा खुदवाया गया, ताकि वहां वाहन पार्क न किए जा सकें।
अधिकारियों ने होटल संचालक को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में हाईवे की भूमि पर अवैध रूप से वाहन खड़े कराए गए तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार कट के पास वाहनों की पार्किंग से यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा था। कार्रवाई के दौरान परियोजना प्रबंधक नवीन कुमार यादव, असिस्टेंट मैनेजर अजीत कुमार, पेट्रोलिंग ऑफिसर उदय चौधरी समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि हाईवे पर सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।