छिबरामऊ। विद्युत वितरण खंड की उदासीनता के कारण नगर के मुख्य बाजार की सड़क का चौड़ीकरण अधर में लटका है। नगर पालिका की ओर से रुपये का भुगतान किए जाने के तीन महीने बीत जाने के बाद भी विद्युत निगम ने पोल हटाने का काम शुरू नहीं किया है। इससे नाराज उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष के नेतृत्व में व्यापारियों ने ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश राजपूत को ज्ञापन सौंप कर कार्रवाई की मांग की है।
व्यापार मंडल की ओर से ऊर्जा राज्यमंत्री मंत्री को सौंपे ज्ञापन में कहा कि नगर पालिका परिषद ने पिछले साल 2025 में ही सड़क किनारे लगे पोल हटाने के लिए इस्टीमेट मांगा था। निगम ने इसमें एक साल की देरी की और फरवरी में तैयार किया। नगर पालिका ने तत्परता दिखाते हुए 19 मार्च को ही कुल 36,89,269 की भारी-भरकम राशि विद्युत वितरण खंड में जमा करा दी। रुपये मिलने के बावजूद आज तीन महीने से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन बिजली निगम ने पोल शिफ्ट करने का काम धरातल पर शुरू नहीं किया है।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि पोल न हटने की वजह से बाजार की सड़क का चौड़ीकरण रुका हुआ है। इस वजह से मुख्य बाजार में आए दिन लंबा और भीषण जाम लगता है, जिससे न केवल स्थानीय व्यापारी परेशान हैं, बल्कि आम जनता को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान प्रदीप गुप्ता, आदेश गुप्ता, अनुपम वर्मा, सचिन वर्मा आदि मौजूद रहे।