कन्नौज। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को जिला जेल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जेल की सुरक्षा के मद्देनजर अनौगी के निकट थाना बनाने के लिए डीएम ने हरी झंडी दी।
डीएम सेल्वा कुमारी जे और एसपी वीके सिंह ने उप जिलाधिकारी सदर महेश चंद्र शर्मा के साथ जेल पहुंचकर वहां की व्यवस्थाएं परखीं। जेल के अंदर बने अस्पताल में तमाम ऐसे रोगी लेटे हुए मिले जो मामूली रूप से बीमार हैं। इन्हें भरती होने की कोई आवश्यकता नहीं थी, लेकिन इसके बावजूद वहां मिले। इस पर जेल अधीक्षक एके सक्सेना को निर्देश दिए गए कि इस मनमानी पर सख्ती से अंकुश लगाएं।
अधिकारी बंदियों से मिले और उनकी समस्याएं पूछीं। जेल में लाउडस्पीकर नहीं मिला। जिलाधिकारी ने तत्काल लाउडस्पीकर व इंटरकाम की व्यवस्था करने को कहा। सुरक्षा व्यवस्था की कमी साफ नजर आई। इस दौरान बताया गया कि थाना निर्माण का प्रस्ताव है। दो एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। विचार-विमर्श के बाद थाना जल्द बनाने की बात कही गई। एसपी ने कहा कि थाना बनाने का प्रस्ताव शीघ्र ही शासन को भेजा जाएगा। जेल के अंदर स्टाफ की कमी मिली। इस पर अधीक्षक को जल्द ही कर्मचारियों की तैनाती कराने का आश्वासन दिया गया।