सौरिख (कन्नौज)। नगला तेज के पास सड़क पर अवरोध डालकर बस को रोक लिया। अराजकतत्वों ने बस में बैठे बारातियों के साथ मारपीट व लूटपाट की। वाहनों पर पथराव कर उन्हें क्षतिग्रस्त भी कर दिया। घटना में कई बाराती घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस के बाद अराजकतत्व भाग गए। मामले की रिपोर्ट लिखाने के लिए तहरीर दी गई है। घटना के पीछे बस को साइड न देने का मामला बताया जा रहा है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में भी लिया है।
क्षेत्र के ग्राम कबीरपुर निवासी सपा नेता सत्तार अली के भतीजे नुवेद आलम पुत्र वसीम अली की बुधवार को गुरसहायगंज क्षेत्र के ग्राम डुडवा बारात जा रही थी। जिस बस से बारात जा रही थी रास्ते में उसके आगे एक ट्रक चल रहा था। बस चालक ने कई बार ओवरटेक का प्रयास किया लेकिन ट्रक चालक ने साइड नहीं दी। इस बीच बाइक से जा रहे कुछ बारातियों ने आगे जाकर ट्रक चालक से कुछ कह दिया। इस पर ट्रक चालक ने फोन से अपने कुछ साथियों को सचेत कर दिया। फिर क्या था उसके साथियों ने नगला तेज में सड़क अवरूद्ध कर दी और जैसे ही बस वहां पहुंची लोग हमलावर हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने पथराव शुरू कर दिया जिससे बस तथा बारात में शामिल दो बोलेरो गाड़ियों के शीशे टूट गए और वह क्षतिग्रस्त हो गई। पत्थर लगने से बाराती सित्ते खां गंभीर रूप से घायल हो गया। पत्थर उसकी नाक पर आकर लगा और वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। अराजकतत्वों ने बारातियों से मारपीट कर कानपुर में तैनात सिपाही आसिफ के गले से सोने की जंजीर तथा 8 हजार रूपए कीमत का मोबाइल, मिसवाहुल से सोने की चेन व 6 हजार कीमत का मोबाइल तथा तसलीम उर्फ राजू का मोबाइल लूट लिया। मारपीट में कई बारातियों को चोटें आईं हैं।
उधर घटना की सूचना मिलते ही दरोगा श्रीराम वर्मा, कस्बा इंचार्ज श्यामवीर सिंह मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंचे। पुलिस को आता देख अराजकतत्व भाग खडे़ हुए। पुलिस ने पीछा कर दो आरोपियों प्रदीप व कैलाश निवासीगण नगला तेज को पकड़ लिया। इस बीच ट्रक ड्राइवर व कंडेक्टर मौके का फायदा उठाकर भाग गए। सपा नेता सत्तार अली ने रिपोर्ट लिखाने के लिए थाने में तहरीर दी है।