डूडा पीओ ने किसी तरह शांत कराया मामला
सभी प्रशिक्षणार्थियों ने वापस किए प्रमाणपत्र
छिबरामऊ (कन्नौज)। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की ओर से स्वर्णजयंती शहरी रोजगार योजना के अंतर्गत दिए जा रहे प्रशिक्षण में किट को लेकर प्रशिक्षणार्थियों ने सोमवार को हंगामा किया। डूडा पीओ किसी तरह मामला शांत कराया।
अस्पताल रोड स्थित एक भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कौशल प्रशिक्षण के प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाणपत्र और प्रशिक्षण समय के मानदेय के रूप में 16 सौ रुपये की चेक वितरित की जा रही थी। प्रशिक्षणार्थी शिल्पी, दीप्ती वर्मा, ज्योती, सुनीता, आफरीन, सबीना, नफीसा, स्वेता, अनुमोल, ज्ञान, गिरजेश, रूखसार, हिना, संदेश कुमार आदि तमाम प्रशिक्षणार्थियों ने हंगामा करते हुए बताया उन लोगों को अलग-अलग ट्रेड का प्रशिक्षण दिया गया। छह माह के प्रशिक्षण में उन लोगों को ट्रेड से संबंधित किट, 24 सौ रुपये की चेक और प्रमाणपत्र डूडा की ओर से दिया जाना था, लेकिन उन लोगों को किट प्रदान नहीं की गई और जो प्रमाणपत्र दिया गया उसमें ट्रेड नहीं अंकित है। इसके अलावा 16 सौ रुपये की चेक दी गई। बाद में उन सभी ने अपने प्रमाणपत्र वापस कर दिए। इस संबंध में कन्नौज से आए डूडा के परियोजना अधिकारी एसके श्रीवास्तव ने बताया कि प्रशिक्षणार्थियों को चार का प्रशिक्षण दिया गया है। उसी आधार पर उन लोगों को 16 सौ रुपये की चेक दी गई। प्रमाणपत्र में ट्रेड अंकित न होने के कारण उनके प्रमाणपत्र वापस ले लिए गए हैं। सुधार के बाद अगले सोमवार को प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे।