कन्नौज। वीवीआईपी जिला नकल के मामले में भी पीछे नहीं रहना चाहता है। शायद यही वजह रही कि मंगलवार को जब जिलाधिकारी डॉ. रूपेश कुमार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचे तो सामूहिक नकल का आलम देख भौचक्के रह गए। उन्होंने चार केंद्रों की मंगलवार की परीक्षा निरस्त कर व्यवस्थापकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और उन केंद्रों को काली सूची में डालने के आदेश दिए हैं।
मंगलवार को दूसरी पाली में इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान प्रथम प्रश्नपत्र की बोर्ड परीक्षाएं चल रही थीं। जिलाधिकारी ने सौरिख क्षेत्र के प्रतिभा निखार शिक्षा निकेतन इंटर कालेज कायमपुर, आदर्श शिक्षा सदन इंटरकालेज अलीपुर, महादेव प्रसाद गंगारानी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और चौधरी महेंद्र सिंह बालिका इंटरकालेज का आकस्मिक निरीक्षण किया तो सामूहिक नकल होते देख भौचक्के रह गए।
चौधरी महेंद्र सिंह बालिका इंटर कालेज में दो बाबू कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी करते पाए गए। परीक्षा केंद्रों पर बोल-बोलकर छात्रों को सवालों के उत्तर लिखाए जा रहे थे। जिलाधिकारी ने उत्तर पुस्तिकाएं भी चेक कीं, जिससे नकल की पुष्टि हुई। जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने साथ चल रहे डिप्टी कलेक्टर राजेंद्र सिंह सेंगर को निर्देश दिए कि चारों केंद्र व्यवस्थापकों के खिलाफ संबंधित थानों में मुकदमा दर्ज कराया जाए।
उन्होंने चारों केंद्रों की मंगलवार की परीक्षा निरस्त करने की संस्तुति बोर्ड को भेजने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ये चारो केंद्र ब्लैक लिस्टेड कर दिए गए। जिलाधिकारी ने इन केंद्रों पर तुरंत नए केंद्र व्यवस्थापक तैनात करने के डीआईओएस सीएल चौरसिया को निर्देश दिए। डीआईओएस कार्यालय सूत्रों के मुताबिक ये परीक्षा केंद्र जिले की राजनीति में खासा दखल करने वाले नेताओं के बताए गए हैं।