कन्नौज। विशुनगढ़ के बहादुरपुर गांव में एक ही परिवार के चार लोगों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद से हड़कंप मचा है। तीसरे दिन भी जांचें जारी रहीं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाई गईं 74 टीमों ने तीन किमी की परिधि में आने वाले 34 गांवों में सैंपल लेना तेज कर दिया है। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद संदिग्धों के सैंपल लिए जा रहे हैं। गुरुवार शाम तक नौ लोगों के सैंपल लेने के बाद शुक्रवार को 26 और लोगों के सैंपल लिए गए। इन्हें जांच के लिए सैफई भेजा गया है। सैंपल लेने के बाद इन सभी 26 लोगों को घर पर ही क्वारंटीन किया गया है।
जिले में पांच कोरोना पॉजिटिव केस सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच कराने का कार्य तेज कर दिया है। कोरोेना के लक्षण मिलने पर संदिग्धों का सैंपल लेकर जांच कराई जा रही है। गुरुवार शाम तक नौ लोगों के सैंपल लेने के बाद शुक्रवार को भी जांच टीम सक्रिय दिखी। बहादुरपुर और इससे लगे तीन किमी की परिधि के सभी 34 गांवों में जांच का काम शुरू कर दिया गया है। शुक्रवार शाम तक 24 और नमूने जांच के लिए भेज दिए गए। दो दिनों में कुल 33 लोगों के सैंपल भेजे जा चुके हैं। शुक्रवार को लिए गए सैंपल में बहादुरपुर गांव के चार लोगों को भी शामिल किया गया है।
सीएमओ डॉ. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि अभी भी कई सैंपलों की जांच रिपोर्ट नहीं आ सकी है। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार काम कर रही हैं। जहां से भी संदिग्ध मिलने की जानकारी आती है, वहीं टीम भेजी जा रही है। सैंपल लेने के बाद लोगों को घर पर ही क्वारंटीन किया जा रहा है। जिनकी तबियत ज्यादा खराब लग रही, उन्हें ही क्वारंटीन वार्ड भेजा जा रहा है।
कोविड-19 हास्पिटल में औरैया और इटावा के दो पॉजिटिव मरीज भर्ती
कन्नौज। तिर्वा सीएचसी में बनाए गए कोविड-19 हास्पिटल में औरैया और इटावा के दो मरीजों को शुक्रवार शाम को भर्ती कराया गया है। इनकी जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके अलावा कन्नौज की मक्का मस्जिद में मिले 11 तब्लीगी जमातियों को क्वारंटीन किया गया है। इसी के साथ औरैया के दो, इटावा का एक, कन्नौज के चार मरीजों के साथ कुल सात मरीजों का कोविड-19 हास्पिटल में इलाज चल रहा है।