कन्नौज। कोरोना संक्रमण फैलने के बाद जिला पंचायत राज विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। ग्राम पंचायतों में संदिग्धों की निगरानी के लिए पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है। टीम सदस्य बाहर से आने वालों और खांसी, जुकाम व बुखार से पीड़ित लोगों की अफसरों को सूचना देंगे। इससे कि इनकी समय पर कोरोना जांच हो सके।
जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के बाद जिला पंचायत राज विभाग ने भी कोरोना से निपटने के लिए सख्त कदम उठा लिए हैं। हर ग्राम पंचायत में पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है। इसमें पूर्व प्रधान समेत रिटायर्ड शिक्षक, पूर्व सैनिक, एनसीसी व स्वयंसेवी संगठन से जुड़े लोगों को शामिल किया गया है। यह टीम बाहर से आने वाले लोगों के साथ किसी मरीज में कोरोना के संभावित लक्षण मिलने पर स्वास्थ्य विभाग समेत जिला पंचायत राज विभाग को सूचना देगी। उसे क्वारंटीन कर जांच करवाई जाएगी।
कोरोना के लक्षण
कोरोना संक्रमण की चपेट में आने पर आम तौर पर श्वसन तंत्र की बीमारी शुरू हो जाती है। संक्रमित व्यक्ति में सर्दी के लक्षण दिखते हैं। नाक से पानी आने लगता है। खांसी आने के साथ गले में खराश शुरू हो जाती है। कभी-कभी सिरदर्द होने लगता। बुखार आने लगता है। यह लक्षण कुछ दिनों तक बने रहते हैं। कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों में रोगों से लड़ने की ताकत कम होती है। यह इनके लिए घातक होता है।
ऐसे करें बचाव
कोरोना संक्रमण में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। बीमार लोगों से दूरी बनाकर संक्रमण से बचा जा सकता है। अपने हाथों को साबुन से कम से कम 20 सेकेंड तक धोएं। अगर आप बीमार हैं तो घर पर रहें। भीड़ से बचें। दूसरों से संपर्क न करें। खांसते या छींकते समय अपने मुंह और नाक को ढक लें।