सदर कोतवाली में मुकदमों की सूची तैयार करते पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कोरोना काल में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के लिए राहत भरी खबर है। इन पर दर्ज मुकदमे जल्द वापस होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद थानों में पुलिस प्रशासन ने मुकदमे वापस लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कोरोना काल के दौरान 24 मार्च से लॉकडाउन लगाया गया था। बेवजह घर से निकलने, मास्क न लगाने और शादी समारोह व अन्य कार्यक्रमों में भीड़ जुटाने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमे दर्ज किए थे। जिले के थानों में कोविड-19 के नियमों का पालन न करने पर धारा 188 व 144 के तहत 225 मुकदमे दर्ज किए गए थे। इनमें 6645 लोगों को आरोपी बनाया गया था।
सबसे अधिक 58 मुकदमे सदर कोतवाली में दर्ज किए गए थे। सबसे कम नौ मुकदमेे थाना विशुनगढ़ में दर्ज हुए थे। मुकदमे वापस लेने की घोषणा के बाद पुलिस महकमे ने तैयारी शुरू कर दी है।
-----
लॉकडाउन में दर्ज मुकदमे शासन ने वापस लेने की घोषणा की है। इन मुकदमों को वापस लेने की तैयारी शुरू कर दी गई है। आला अधिकारियों से निर्देश प्राप्त होते ही दर्ज मुकदमों को निरस्त कर दिया जाएगा। मुकदमों की सूची तैयार कर ली गई है।
प्रशांत वर्र्मा, एसपी