अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना प्रभावी हो चुकी है। इसके अंतर्गत शिक्षित युवा बेरोजगार को उद्योग क्षेत्र में 25 लाख रुपये एवं सेवा क्षेत्र में 10 लाख रुपये तक की परियोजना लागत की इकाइयों को ऋण प्रदान किया जाएगा।
जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र उपायुक्त वेद बाजपेई ने बताया कि आवेदक की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच व न्यूनतम शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण हो। किसी भी राष्ट्रीयकृत बैंक, वित्तीय संस्था, सरकारी संस्था आदि का डिफाल्टर नहीं होना चाहिए। आवेदक द्वारा पूर्व में संचालित किसी अन्य स्वरोजगार योजना का लाभ प्राप्त न किया गया हो। इसमें परियोजना लागत का 25 फीसदी मार्जिन मनी उपलब्ध कराया जाएगा जो उद्यम के दो वर्ष तक सफल संचालन के बाद अनुदान में परिवर्तित हो जाएगा।
सामान्य श्रेणी के लाभार्थियों द्वारा परियोजना लागत का 10 फीसदी व अनुसूचित जाति एवं जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक महिला एवं विकलांग अभ्यर्थी को पांच फीसदी अंशदान जमा करना होगा। एक जनपद एक उत्पाद में जिले के लिए चयनित उत्पाद इत्र के उद्योग को वरीयता दी जानी है। साथ ही महिला उद्यमी एवं अनुसूचित जाति के लाभार्थियों को चयन में वरीयता दी जाएगी। योजना में आवेदन पत्र कार्यालय में जमा करने के अंतिम तिथि 12 जनवरी तय की गई है।
बेरोजगार युवा ऋण लें करें रोजगार
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना प्रभावी, मांगे आवेदन
- शिक्षित युवा बेरोजगार को उद्योग क्षेत्र में 25 लाख व सेवा क्षेत्र में 10 लाख रुपये तक ऋण