मतौली बिजली उपकें द्र की मेन लाइन में फाल्ट आने के चलते उपकेंद्र से जुड़े 50 गांवों की बिजली 20 घंटे से गुल है। श्याम सिंह, विश्वनाथ, रामपाल, अतर सिंह, मथन्नीलाल, दीप कुमार, नरेंद्र कुमार, रघुवीर, ओमशंकर ने बताया कि तालग्राम उपकेंद्र के काटकर क्षेत्र के गांवों को मतौली उपकेंद्र से जोड़े जाने के बाद से आए दिन फाल्ट आ रहे हैं। इससे बिजली सप्लाई बाधित हो रही है।
सोमवार शाम से मतौली उपकेंद्र की मेन लाइन में फाल्ट आ जाने के कारण केंद्र के फीडरों से जुड़े अमोलर, बरियापुरवा, दलापुरवा, ढिपारा, राजापुरवा, भवनियापुर, डम्मरपुरवा, बिचपुरवा सकरैनी गढ़िया मोतीपुरवा, खदरी, जलालपुर, गोवा, मतौली, अलीनगर, दानिहार, भूड़पुरवा, सैजापुर, बिरियाहार, टिकुरियन, मझपुरवा, क्यूलिया तिराहा, दानेहार समेत 50 गांवों की बिजली गुल हो गई। इस कारण खेतों पर पानी लगाने की आस में किसानों को रातभर बिजली आने का इंतजार करना पड़ा। ग्रामीण भी अंधेरे में रहने को मजबूर दिखे।
उपकेंद्र पर तैनात लाइनमैन मोहित ने बताया कि शाम को कन्नौज की ओर से आने वाली लाइन में फाल्ट आया था। दो फेस हो जाने के बाद लाइन कुछ देर चली। इसके बाद पू्री बिजली चली गई। उपकेंद्र मतौली के जेई रमेश चंद्र मौर्या ने बताया कि कन्नौज से बहेरिन आने वाली मेन लाइन में फाल्ट है। लाइनमैन की ओर से पेट्रोलिंग कराई जा रही है। फाल्ट को खोजकर शीघ्र बिजली आपूर्ति दुरुस्त कराकर आपूर्ति दी जाएगी।