उमर्दा। जर्जर तारों से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। हवा के साथ ही आग फैलती गई और 17 बीघे गेहूं की फसल को चपेट में ले लिया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ठठिया थाना क्षेत्र के सुखी गांव निवासी मोनू कुमार का कुढ़िना गांव में 17 बीघे खेत है। कन्हाईपुरवा गांव निवासी विश्वनाथ ने खेत को बटाई पर ले रखा है। गेहूं की फसल तैयार थी। खेत से एचटी लाइन निकली है। शुक्रवार शाम को मौसम बदलने से चली तेज हवाओं से एचटी लाइन के तार आपस में टकरा गए और चिंगारी गेहूं की फसल पर जा गिरी। चिंगारी से लगी आग ने 17 बीघे गेंहू की फसल जल गई। आग की लपटों को देखकर आसपास मौजूद किसानों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। हादसे की सूचना पर पहुंचे लेखपाल ने नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट बनाकर शासन को भेज दी है।