मानीमऊ (कन्नौज)। स्टेशन से कुछ दूरी पर कालिंदी एक्सप्रेस की चपेट में आकर चार अन्ना मवेशियों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब अन्ना मवेशियों का झुंड रेलवे लाइन पार कर रहा था। चपेट में चार मवेशी आ गए। हादसा होते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी। करीब बीस मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। ट्रेन भी डिरेल होने से बाल-बाल बच गई।
शाम करीब सात बजे कानपुर से भिवानी जा रही कालिंदी एक्सप्रेस मानीमऊ स्टेशन से होते हुए पोल संख्या 88बी के पास पहुंची। तभी रेलवे लाइन पार कर रहे अन्ना मवेशियों के झुंड के चार जानवर चपेट में आ गए। हादसे के वक्त ट्रेन की रफ्तार 70 से 80 किमी प्रति घंटा बताई गई। ट्रेन चालक ने जैसे ही बड़ी संख्या में मवेशियों को ट्रैक पर देखा, इमरजेंसी ब्रेक लगा दी। अचानक ब्रेक से यात्रियों में हड़कंप मच गया। कुछ सीट से नीचे गिर गए। मरने वाले मवेशियों में तीन गाय एक सांड़ है।
इलाकाई लोगों ने बताया कि पिछले दिनों उन लोगों ने ग्राम प्रधान रामप्रकाश यादव से अन्ना मवेशियों से राहत दिलाने की मांग की थी। प्रधान ने एसडीएम को मामले की जानकारी दी थी। एसडीएम ने बीडीओ को अन्ना मवेशियों को पकड़ने के लिए आदेशित किया था। अभी तक कुछ नहीं हुआ। इसी का नतीजा रहा कि इतनी बड़ी संख्या में मवेशी ट्रेन के सामने आ गए। बड़ा हादसा होने से बच गया। इस बाबत डीएम रवींद्र कुमार ने बताया कि ब्लाक अफसरों से इस मामले में जवाब तलब किया जाएगा। पूछा जाएगा कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में मवेशी रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचे। दोषियों पर कार्रवाई होगी।
कालिंदी एक्सप्रेस से चार मवेशी कटे, हादसा टला
मानीमऊ स्टेशन से कुछ दूरी पर शुक्रवार शाम हुआ हादसा
चालक ने लगाई इमरजेंसी ब्रेक, मचा हड़कंप