विकास खंड तालग्राम के अमोलर में संक्रामक रोग से 12 लोग बीमार हैं। सूचना के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव नहीं पहुंची है। अमलोर गांव में पंचायत प्रशासन की साफ-सफाई व्यवस्था व्यवस्था बेहतर न होने के कारण संक्रमण रोग के मरीज बढ़ रहे हैं। हालत यह है कि हर घर में कोई न कोई बीमार है। सभी को इलाज का इंतजार है।
गांव के मधु किशोर शुक्ला बताते हैं कि उसके पुत्र शिवाजी (05), हरिओम (08), सोम (10), अनीश (12), बड़ा पुत्र आशू (14) को बुखार के बाद चिकन पाक्स हो गया है। घरों में कोई पानी देने वाला नहीं बचा है। संतोष कुमार का कहना है कि उनके पुत्र सूरज को (12) तीन दिन पहले बुखार आया था। अब चिकनपाक्स निकल आया है। वहीं, मिथलेश कुमारी कहती हैं कि उनकी चार वर्षीय पुत्री अनन्या को बुखार के साथ लाल दाने निकले हैं।
दवा लेने पर भी कोई असर नहीं हो रहा है। रामनिवास का कहना है कि उनकी पुत्री नीलम (05) बीमार है। इसी तरह गांव के कई अन्य लोग भी बीमार हैं। स्वास्थ्य विभाग को सूचना देने के बाद भी कोई स्वास्थ्य कर्मी चेकअप के लिए गांव नहीं पहुंचा है। क्षेत्र के लोगों ने डीएम से शिकायत किए जाने की बात कही है।
कोट
अभी तक कोई सूचना नहीं मिली है। मंगलवार को स्वास्थ्य टीम भेजकर दवाओं का वितरण कराया जाएगा। - डा. अजय यादव (एमओआईसी, तालग्राम)