अब उत्तर प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को नौकरी के लिए दूसरे शहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बस, एक फोन करने की जरूरत है और नौकरी के सुनहरे अवसर आपका इंतजार करेंगे।
ये सब संभव होगा महिंद्रा समूह की सरल रोजगार सुविधा से। महिंद्रा समूह ने देश के किसी भी हिस्से में मौजूद कुशल, अर्द्ध-कुशल व अकुशल बेरोजगारों को नियोक्ताओं से जोड़ने के लिए एक अनोखी मोबाइल आधारित रोजगार सुविधा की शुरुआत की है।
प्रदेश में मंगलवार को इस मोबाइल आधारित सुविधा, सरल रोजगार की औपचारिक घोषणा की गई।
सरल रोजगार सुविधा का मुख्य केंद्र बिंदु स्नातक से निचले स्तर के युवा हैं। टेक महिंद्रा लिमिटेड में मोबिलिटी वीएएस प्रोडक्ट एंड पोर्टफोलियो विवेक चंदोक ने बताया कि सरल रोजगार इन बेरोजगारों को उनके ही शहर में नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने में सहायक साबित होगा।
ये कामगारों व नियोक्ताओं के लिए एक जॉब मार्केट उपलब्ध करा रहा है। टेक महिंद्रा के निदेशक (बीडी) मयूक दास गुप्ता ने बताया कि सरल रोजगार पहली ऐसी मोबाइल आधारित बहु-भाषाई सुविधा है जो बेरोजगार युवाओं को कई नियोक्ताओं से जोड़ने का काम करती है।
यह सुविधा नियोक्ताओं को एक बटन क्लिक करके लाखों आवेदनकर्ताओं तक पहुंचने में और बहुत ही प्रभावी तरीके से कामगारों व मजदूरों पर लगने वाली लागत को कम करने में भी मददगार साबित हो रही है।
उन्होंने बताया कि अब यह सुविधा उन्हें वेब पर अपनी पहली डिजिटल उपस्थिति दर्ज कराने में भी मदद करेगी। इस अवसर पर टेक महिंद्रा लिमिटेड में मोबिलिटी वीएएस प्रोडक्ट एंड पोर्टफोलियो विवेक चंदोक, टेक महिंद्रा को निदेशक (बीडी) मयूक दासगुप्ता के साथ अमर उजाला के असिस्टेंट जनरल मैनेजर सिद्धार्थ गौतम भी मौजूद थे।
स्थानीय भाषा में कराएं पंजीकरण
भारत के किसी भी हिस्से में रोजगार की तलाश कर रहे युवा अपने मोबाइल से 54141 या 1860-180-1100 डायल करके एक छोटी-सी वॉयस कॉल के जरिए अपनी स्थानीय भाषा में इस सुविधा का फायदा उठा सकते हैं।
फोन करने पर सरल रोजगार नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को इंटरनेट या वेब पर उनका पहला डिजिटल रिज्यूम तैयार करने में मदद करेगा। नौकरी के लिए शहर और पसंद के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
पंजीकरण के बाद, उनके मोबाइल पर हजारों रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। दूसरी ओर, सरल रोजगार कोरपोरेट व मुख्य नियोक्ताओं को www.SARALROZGAR.com के जरिए जुड़ने में मदद करता है।
लघु उद्यमी भी वॉयस कॉल के जरिए कामगारों तक पहुंच सकते हैं। एक बार आवेदनकर्ताओं की सूची को अपनी जरूरतों के मुताबिक चुनने के बाद नियोक्ता एसएमएस के जरिये या आउट बाउंड आईवीआर कॉल के लिए हजारों चुने हुए आवेदनकर्ताओं से उनकी स्थानीय भाषा में संवाद कर सकते हैं।
ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में रह रहे मोबाइल उपभोक्ता 30 रुपये में तीस दिन के लिए इस सुविधा की सदस्यता ले सकते हैं।