ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत ग्राम रौंड़ा में एक ग्रामीण ने खुद के खेत में आम के पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामरौंड़ा निवासी भीकम (25) पुत्र स्वर्गीय सुरेश लोधी बुधवार की सुबह करीब दस बजे घर से खाना खाकर निकला और खेत पर चला गया। इसके एक घंटे बाद जब उसके दादा खेत पर पहुंचे तो वहां भीकम का शव आम के पेड़ पर रस्सी के सहारे लटकता मिला। यह देख वह रोने लगे। उनके पीछे आ रही भीकम की मां ने भी पुत्र के शव को देखा तो रोने लगी। दादा व मां की रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। इसके बाद मृतक के चचेरे भाई संतोष राजपूत ने थाना कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की दो पुत्रियां हैं और मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।