ललितपुर। शहर में कोरोन संक्रमित मरीजों की पुष्टि होने पर मोहल्लों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर सील कर दिया गया है। अब मोहल्लों में किसी को भी प्रवेश और बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। एक मोबाइल बैरियर बनाया गया है, जहां से आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उपजिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने कोरोना संक्रमित क्षेत्र के ढाई सौ मीटर के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर पूरी तरह से सील कर दिया है। यहां किसी व्यक्ति को प्रवेश अथवा बाहर जाने की अनुमति नहीं है। सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में आवश्यक वस्तुएं सब्जी, दूध और फल की सप्लाई मोबाइल बैरियर तक की जाएंगी। मोहल्ला तालाबपुरा में एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिलने पर वार्ड का सेक्टर मजिस्ट्रेट सहायक अभियंता शशि कर्दम को बनाया गया है।
इसी तरह मोहल्ला गांधीनगर में एक परिवार के तीन सदस्य कोरोना पॉजिटिव मिलने पर क्षेत्र को कंटनेमेंट जोन बनाया गया है। इस वार्ड के सेक्टर मजिस्ट्रेट वाणिज्यकर अधिकारी बिपिन शुक्ला है। क्षेत्र में तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। वार्ड नंबर 10 कटरा बाजार के मोहल्ला छत्रसालपुरा में दो लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। तालाबपुरा में एक और कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। वार्ड संख्या 15 में दो लोगों में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर कंटनेमेंट जोन बनाया गया है। वार्ड नंबर 22 नदीपुरा को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। वार्ड के सेक्टर मजिस्ट्रेट जिला प्रोबेशन अधिकारी सुरेंद्र कुमार पटेल हैं। आपात सेवाओं से जुडे व्यक्तियों को जांच होने के बाद ही जाने की अनुमति दी जाएगी। आवागमन को रोकने के लिए मोबाइल बैरियर पर पुलिस तैनात की गई है।