संवाद न्यूज एजेंसी
दतिया। गोविंद नगर में 34 वर्षीय एक युवक ने अपने ही घर में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना का पता तब चला जब तीन दिनों तक युवक के घर से बाहर न निकलने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ।
मृतक की पहचान मोहन पुत्र चतुर सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि मोहन मजदूरी का कार्य करता था व शराब पीने का आदी था। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवादों के चलते उसकी पत्नी पांच महीनों से अपने मायके में रह रही थी। पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि पारिवारिक तनाव और पत्नी से अलगाव के कारण ही युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा।
शुक्रवार दोपहर को जब ग्रामीणों ने घर के भीतर शव को फंदे से लटका देखा, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। शाम को पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी वैभव गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने मामला कायम कर लिया है। प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व विस्तृत जांच के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।