- हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भागा
संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ/ पूंछ। ग्राम सेसा ओवरब्रिज के पास शनिवार को रात लगभग आठ बजे तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार आठ लोग घायल हो गए। इनमें से चार की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग गया।
ग्राम बाबई में आयोजित त्रयोदशी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सभी लोग ई-रिक्शा से सेंदनगर कोटरा लौट रहे थे। सेसा ओवरब्रिज के पास पहुंचते ही पीछे से आए ट्रक ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा पलट गया और उसमें सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में हरचरण (74), शनि (7), दयाराम (70), हरि सिंह (60), निखिल (20), कीमती देवी (54), बाबू (55) और पूना देवी (65) सभी निवासी सैदनगर घायल हो गए। जिसमें सात वर्षीय शनि को गंभीर चोट आने पर पहले सेसा स्थित निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को मोंठ ट्रॉमा सेंटर लाया गया।
ट्रॉमा सेंटर में डॉ. शशिकांत राजपूत ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर शनि, हरचरण, निखिल व कीमती देवी घायलों को बेहतर उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी विद्यासागर सिंह ने बताया कि घायलों को मोंठ के अस्पताल भेजा गया व पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।