फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दुल्हन का कत्ल: ब्यूटी पॉर्लर में चारों ओर बिखरा था खून ही खून... महज पांच मिनट में हत्या कर भाग निकला दीपक

Tue, 25 Jun 2024 02:40 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, झांसी

सार

झांसी में युवक ने ब्यूटी पार्लर में दुल्हन की हत्या कर दी। युवक के सिर पर खून सवार था। उसने ब्यूटी पार्लर में युवती से कहा कि 'काजल मेरे साथ चलो। इस पर दुल्हन ने मना किया तो गोली मार दी।
विज्ञापन
दुल्हन की हत्या - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नई जिंदगी शुरू करने जा रही काजल ने सपने में भी नहीं सोचा था कि पड़ोस में रहने वाले जिस लड़के से वह कभी एक-दो घड़ी बात कर लेती थी, वही उसकी जिंदगी के सबसे खुशनुमा दिन में मौत का परवाना लेकर आएगा। हत्यारे दीपक के सिर पर खून इस कदर सवार था कि वह किसी की बात सुनने तक को राजी नहीं था। 
विज्ञापन


गेस्ट हाउस में मौजूद लोगों का कहना था आरोपी दीपक अपने दो दोस्तों के साथ शाम करीब पांच बजे गेस्ट हाउस के पास दिखा था। कुछ देर वह गेस्ट हाउस के बाहर खड़ा रहा, इसके बाद वहां से चला गया। काजल के ब्यूटी पार्लर जाने की बात मालूम चलने पर रात करीब नौ बजे वह सीधे ब्यूटी पार्लर जा पहुंचा। 

बाहर गेट पर खड़े होकर उसने काजल का नाम लेकर पुकारा। वहां उसे देखकर काजल डर गई। काजल ने बाहर आने से मना कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उस समय दीपक के सिर पर खून सवार था। 
विज्ञापन


आर्यन ब्यूटी पॉर्लर संचालिका ने दीपक को अंदर आने से रोकने के लिए तुरंत दरवाजा बंद कर लिया और पति को बुलाने चली गईं। तब तक गुस्से में पागल हो चुके दीपक ने ब्यूटी पार्लर के दरवाजे का कांच तमंचे की बट मारकर तोड़ दिया और भीतर जा घुसा। अंदर आकर काजल से अपने साथ चलने की जिद करने लगा। 
 
Trending Videos

काजल उसके साथ जाने को राजी नहीं थी। काजल अंदर की ओर भागी, तभी आरोपी दीपक ने तमंचे से गोली चला दी। एक गोली ब्यूटी पार्लर के शीशे में लगी, जिससे वह चकनाचूर हो गया, जबकि दूसरी गोली सीधे काजल के सीने में जा धंसी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास सनसनी फैल गई। घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद दीपक अपने एक दोस्त के साथ भाग निकला। 

 

गोली चलने की बात सुनकर गेस्ट हाउस से भागते हुए काजल के परिजन ब्यूटी पार्लर पहुंच गए। यहां खून से लथपथ हाल में काजल फर्श पर पड़ी थी। चारों ओर खून बिखरा हुआ था। परिजन उसे लेकर पहले जर्मनी अस्पताल पहुंचे। हालत नाजुक होने पर वहां से उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
 

महज पांच मिनट में हत्या करके निकल भागा
हत्यारोपी दीपक ने काजल की हत्या का पूरा प्लान तैयार कर रखा था। ब्यूटी पार्लर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में दीपक रात करीब 9:41 बजे आता दिखाई दिया। कुछ देर वह काजल से बात करता रहा। उसके बाद काजल अंदर जाने को हुई तो रात 9:46 बजे उसने काजल पर गोली चला दी। गोली लगते ही खून से लथपथ होकर काजल जमीन पर गिर पड़ी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी बाहर निकल आए। 

दीपक तमंचा लहराते हुए पैदल सामने वाली गली से होता हुआ भाग निकला। गली के बाहर उसने मोटरसाइकिल खड़ी की थी। उसी से वह आगे निकल गया। पुलिस ने जब गेस्ट हाउस के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तब उसमें भी दीपक नजर आया। दो मोटरसाइकिल पर युवक भी उसके साथ दिखे। हालांकि, यह साफ नहीं हुआ कि इनको लेकर वह दतिया से साथ आया था अथवा यह दोनों झांसी के ही रहने वाले हैं। पुलिस उनको भी तलाशने में जुटी है।
 

दीपक के खौफ के चलते झांसी से कर रहे थे शादी
काजल के परिजनों का कहना है कि दीपक ने उन लोगों को पहले से धमकी दी हुई थी। उसके खौफ की वजह से ही वह लोग दतिया के बजाय झांसी में आकर शादी कर रहे थे। काजल के चाचा हरगोविंद का कहना है कि दीपक पड़ोस में रहता है। काजल के साथ शादी करना चाहता था, लेकिन काजल ने उससे शादी करने से इन्कार कर दिया था। 

 

इससे दीपक गुस्से में आ गया। उसने धमकाते हुए कहा कि वह काजल की शादी नहीं होने देगा। परिवार वाले भी इस वजह से उससे खौफ में थे। खोड़न में काजल के रिश्तेदार रहते हैं। उन्होंने ही यहां गेस्ट हाउस आदि का इंतजाम कराया था, लेकिन इसकी भनक किसी तरह दीपक को लग गई और वह शादी वाले दिन यहां पहुंचा।

 

315 बोर के तमंचे से मारी गोली 
दीपक अपने साथ 315 बोर का तमंचा लेकर आया था। इस तमंचे से गोली मारने की वजह से कारतूस मौके से बरामद नहीं हुआ। सोमवार को पुलिस ने काजल के शव का पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट के मुताबिक गोली काजल के सीने में घुसकर अंदर फंस गई। गोली लगने से उसका दिल फट गया और उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजन उसका शव लेकर गांव रवाना हो गए। काजल की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
 

दुल्हन के भाई ने दर्ज कराई रिपोर्ट
दुल्हन के बड़े भाई विकास अहिरवार ने सोमवार को सीपरी बाजार थाने में बरगांय निवासी दीपक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। विकास ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन काजल से दीपक एकतरफा प्यार करता था। काजल की दूसरी जगह शादी करने पर जान से मार डालने को धमकाता था। उसकी शादी होने की बात सुनकर दीपक यहां आ गया और ब्यूटी पार्लर
के अंदर घुसकर काजल की हत्या कर दी।

 

दुल्हन के हत्यारोपी की तलाश में दतिया में दबिश, भागे परिजन
दुल्हन की हत्या करके फरार युवक की तलाश में सोमवार को पुलिस की टीमें दबिश देने में जुटी रहीं। हत्यारोपी दीपक की तलाश में देर-रात पुलिस ने दतिया स्थित उसके गांव बरगांय में दबिश दी, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। उसके परिजन भी घर में ताला बंद करके भाग निकले। मोबाइल भी बंद कर रखा है। 

 

झांसी में रहने वाले दीपक के रिश्तेदारों के यहां भी पुलिस ने दबिश दी, लेकिन रिश्तेदार कुछ नहीं बता पाए। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। रविवार रात दतिया के बरगांय निवासी दीपक अहिरवार ने पड़ोस में रहने वाली काजल अहिरवार की उसकी शादी से चंद घंटे पहले गोली मारकर हत्या कर दी थी। 

 
विज्ञापन

उसकी हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। एसएसपी राजेश एस ने हत्यारोपी की धरपकड़ के लिए स्वाट समेत तीन अलग-अलग टीमें बना दीं। पुलिस टीम ने मैरिज गार्डन समेत रेलवे स्टेशन में भी उसकी तलाश की। दूसरी टीम दतिया स्थित उसके गांव भी पहुंची। दीपक की कारगुजारी का पता चलने पर उसके परिवार के लोग भी गांव छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने मोबाइल के जरिये लोकेशन तलाशने की कोशिश की, लेकिन सभी फोन स्विच ऑफ मिलने से कामयाबी नहीं मिली। एसएसपी राजेश एस के मुताबिक टीमें युवक की तलाश में लगी हैं।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें