बूढ़ा पुल के नीचे मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
झांसी। बुधवार सुबह थाना कोतवाली इलाके में झांसी-कानपुर हाईवे पर बने बूढ़ा पुल के नीचे झाड़ियों में शहर के खाई मोहल्ला निवासी युवक का शव मिला। युवक मंगलवार की शाम को घर से निकला था। उसके सिर पर गहरी चोट के साथ ही आंख के पास गहरा छेद हत्या की तरफ इशारा कर रहे हैं। पुलिस ने एक घंटे तक छानबीन की। एसओजी व फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सुबूत जुटाए।
थाना कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती के खाई मोहल्ला निवासी स्व. रामप्रकाश गोस्वामी का पुत्र रोहित गोस्वामी (33) मंगलवार की शाम घर से निकला था। देर रात घर न पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह करीब 11.30 बजे झांसी-कानपुर हाईवे पर स्थित बूढ़ा पुल के नीचे झाड़ियों में रोहित का शव लोगों ने पड़ा देखा। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। रोहित के सिर में गंभीर चोट का निशान है। साथ ही सिर से खून भी बह रहा था। आंख के पास भी लंबा छेद था। मौके पर शिनाख्त न होने के चलते शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा। करीब दो घंटे तक शिनाख्त न होने के चलते पुलिस ने आसपास के मोहल्लों में पहुंचकर छानबीन की। सूचना पाकर दो बजे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे भाई राहुल व रिश्तेदार ने शव की शिनाख्त की। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस मान रही हादसा
पुलिस पूरे प्रकरण को हादसा मान रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार अवस्थी ने बताया कि नशे में होने के कारण पुल से गिरकर रोहित की मौत होेने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। उसके बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
कुछ नहीं बता सके परिजन
मृतक का भाई राहुल गोस्वामी एक मंदिर में पूजा अर्चना का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि दोपहर में पुलिस ने चौकी बुलाया था, जहां उनके भाई की मौत का पता चला। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शिनाख्त की थी। उन्होंने बताया कि भाई की मौत कैसे हुई, इसको लेकर वह कुछ नहीं जानते। मंगलवार की रात से वह अपने भाई की खोजबीन में जुटे थे।