प्रेमनगर थाना इलाके के बिजौली निवासी नईम खान का पुत्र तौसीफ (22) मुहल्ले में ही किराने की दुकान खोले हुए था। साथ ही वह शादी समारोहों में फोटोग्राफी भी करता था। हाल ही में परिजनों ने उसकी शादी मध्य प्रदेश के डबरा में तय की थी। शादी अप्रैल में होनी थी। रविवार की देर रात तौसीफ का शव घर में फंदे से लटका मिला।
इससे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रेमनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक शिवशंकर सिंह राठौर ने बताया कि युवक की आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। उसके पास से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है। बता दें कि मृतक चार बहनों में अकेला भाई था। उसके पिता शटरिंग का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इकलौते बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।