झांसी। सपा मुखिया अखिलेश यादव से भी ज्यादा संपत्ति के मालिक बबीना विधानसभा से सपा प्रत्याशी यशपाल सिंह यादव चुनावी खर्च में चारों विधानसभाओं के प्रत्याशियों में सबसे आगे रहे हैं।
दूसरे नंबर पर भाजपा के राजीव सिंह पारीछा और तीसरे स्थान पर सदर सीट के प्रत्याशी रवि शर्मा हैं। अफसरों का कहना है कि अभी प्रत्याशियों के खर्च दस्तावेज का तीसरा ही निरीक्षण हुआ है। प्रत्याशी खर्च की फाइनल रिपोर्ट मतगणना के बाद जमा करेंगे।
इस बार चारों विधानसभाओं को मिलाकर 45 प्रत्याशी मैदान में हैं। नामांकन के बाद प्रत्याशियों को आय प्रेक्षक को तीन बार चुनावी खर्च का रिकार्ड दिखाना पड़ता है। प्रेक्षक की तरफ से 8, 12 और 17 फरवरी तय की गईं थीं। एक को छोड़कर बाकी 44 प्रत्याशियों ने खर्च की जानकारी दे दी। शुरूआती तीन चरणों में 17 फरवरी तक सबसे ज्यादा खर्च सपा प्रत्याशी यशपाल ने दर्शाया है। उन्होंने 20,77,707 रुपये व्यय किए। जब यशपाल ने नामांकन किया था, तब उन्होंने 70 करोड़ से अधिक की संपत्ति दर्शायी थी। जो पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा करहल से कराए गए नामांकन के दौरान दर्शायी गई संपत्ति से अधिक है। अखिलेश यादव ने 40.14 करोड़ से ज्यादा संपत्ति दिखाई थी। खर्च के मामले में दूसरे नंबर पर बबीना से ही भाजपा प्रत्याशी राजीव सिंह पारीछा हैं, जिन्होंने 17,94,617 निर्वाचन व्यय दर्शाया है। वहीं, सदर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रवि शर्मा ने 17,59,437 व्यय किया। प्रत्याशियों की निर्वाचन व्यय की अधिकतम सीमा 40 लाख थी। ऐसे में सभी प्रत्याशियों को मतगणना के 26वें दिन प्रेक्षक आने पर पूरा खर्च दिखाना होगा।
गयादीन ने नहीं दिया ब्योरा, जयराम ने किया सबसे कम खर्च
गरौठा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी गयादीन तीनों ही निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित रहे। उन्होंने 17 फरवरी तक निर्वाचन व्यय का विवरण नहीं दिया। वहीं, बबीना विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी जयराम ने सबसे कम 10300 रुपये खर्च दर्शाया है।
किस प्रत्याशी ने कितना किया खर्च
प्रत्याशी का नाम पार्टी निर्वाचन व्यय
यशपाल सिंह यादव सपा 20,77,707
राजीव सिंह पारीछा भाजपा 17,94,617
रवि शर्मा भाजपा 17,59,437
जवाहर लाल राजपूत भाजपा 15,71,494
रश्मि आर्या अपना दल 14,01,066
दीपनारायण यादव सपा 13,98,125
सीताराम कुशवाहा सपा 13,18,145
तिलक चंद्र अहिरवार सपा 12,73,353
राहुल रिछारिया कांग्रेस 12,09,627
रोहित रतन बसपा 10,57,413
दशरथ सिंह राजपूत बसपा 9,76,700
चंद्रशेखर तिवारी कांग्रेस 6,32,700
नेहा निरंजन कांग्रेस 5,56,103
भगवान दास कोरी कांग्रेस 3,89,600
कैलाश साहू बसपा 3,18,375
वीर सिंह गुर्जर बसपा 2,88,250
(नोट: ये आंकड़े तीन निरीक्षण के हैं।)