झांसी जिले के पूंछ में 50 किलो की माला पहनाकर भाजपा के ग्रामीण जिलाध्यक्ष का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। वहीं, गाड़ियों का लंबा काफिला होने से सड़क पर आधा घंटे तक जाम भी लगा रहा।
पूंछ में 50 किलो की माला पहनाकर शुक्रवार को भाजपा के ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। उनके स्वागत में गाड़ियों का काफिला होने और बीच सड़क पर बुलडोजर खड़ा रहने से आधा घंटे सड़क जाम रही।
विज्ञापन
ग्रामीण जिलाध्यक्ष बनने के बाद प्रदीप पहली बार पूंछ पहुंचे थे। झांसी जनपद की सीमा शुरू होने के बाद मोंठ, बंगरा, मऊरानीपुर, गुरसराय समेत अन्य जगहों पर भी जिलाध्यक्ष का स्वागत किया गया। शुक्रवार की दोपहर 12 बजे जिलाध्यक्ष का काफिला झांसी जिले में पूंछ की ढेरी की पुलिया पर पहुंचा तो वहां पर फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया। जब काफिला पूंछ के बस स्टैंड के पास पहुंचा तो कार्यकर्ताओं ने उनकी कार की दोनों तरफ बुलडोजर खड़ा कर दिया और माला पहनाई।
जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया। गाड़ियों का लंबा काफिला होने से सड़क पर आधा घंटे तक जाम भी लगा रहा। इस मामले में जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल का कहना है कि उन्हें बुलडोजर से माला पहनाने की जानकारी नहीं थी। जब वह पूंछ के बाजार पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने रोक लिया और कार की छत खोलकर बाहर निकालने के लिए कहा। जब वह बाहर निकले तो दोनों तरफ से बुलडोजर लगा माला पहनाई। ये कार्यकर्ताओं का स्नेह है। उन्होंने बताया कि माला 50 किलो की थी, इसलिए बुलडोजर का इस्तेमाल किया है।