झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में डीजल खत्म हो जाने से तीन घंटे तक एंबुलेंस के पहिये थमे रहे। इससे कई मरीज इमरजेंसी से वार्ड और सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक शिफ्ट नहीं हो पाए। बाद में पंपों से डीजल भरवाकर व्यवस्था सुचारु कराई गई।
मेडिकल कॉलेज में तीन में से एक एंबुलेंस सर्विस पर गई हुई है। मंगलवार को दो एंबुलेंस कॉलेज परिसर में मरीजों को इमरजेंसी, वार्ड और सुपर स्पेशियलिटी बिल्डिंग में जरूरत पड़ने पर शिफ्ट करती रहीं। दोपहर दो बजे एंबुलेंस का डीजल खत्म हो गया। इसकी सूचना अधिकारियों को दी गई। अब तक कार्यभार देख रहे एक अधिकारी की सेवानिवृत्ति अगले महीने होने की वजह से उन्होंने ये काम दूसरे अधिकारी को दे दिया है। ऐसे में पेट्रोल पंप से डीजल भरवाने को लेकर कुछ असमंजस हो गया। इस समस्या को हल करने में तीन घंटे लग गए। ऐसे ही कई मरीज तीन घंटे तक तक जहां थे, वहीं रहे। इस मामले में प्रमुख अधीक्षक डॉ. सुनीता भदौरिया ने कहा कि अब पेट्रोल पंपों को पर्ची देने पर डीजल देने के लिए कह दिया गया है। ऐसे में भविष्य में इसकी दिक्कत नहीं आएगी।