झांसी। थाना बबीना क्षेत्र के बीएचईएल में मछली का तेल बेचतेे पकड़े गए सभी बांग्लादेशियों ने अधिकांशत: पश्चिम बंगाल के रहने वाले कई लोगों से मोबाइल पर बातचीत की थी। इन सभी ने किन लोगों से बात की, क्या बात हुई। इसकी पुलिस जांच कर रही है। एक टीम जांच करने पश्चिम बंगाल भी जाएगी। अब तक जांच में पुलिस को कई जानकारियां मिली हैं।
शनिवार को थाना बबीना पुलिस ने मछली का तेल बेचने बीएचईएल पहुंचे बांग्लादेश के मामून शेख उर्फ शमीम, मिलन शेख, मुकुल शेख, मोनू वैद्य, सीजर शेख, असलम शेख और पालन शेख को पकड़ा था। पुलिस ने विदेशी अधिनियम में कार्रवाई कर सभी को जेल भेज दिया था। सभी के पास से पुलिस ने सात मोबाइल बरामद किए थे। मोबाइल की पड़ताल करने पर पता चला कि सभी लोगों ने पश्चिम बंगाल के रहने वाले कुछ लोगों से लगातार बात की।
यह बात क्यों की गई और वह कौन लोग थे। इसकी जानकारी भी जुटा रही है। पुलिस ने नंबरों को भी ट्रेस किया है। सभी के पिछले माह की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। सोमवार को पुलिस टीम ने होटल पहुंचकर पुन: जांच की। दस्तावेजोें को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। सातों बांग्लादेशी नागरिकों के पकड़े जाने की जानकारी पुलिस प्रशासन दूतावास को दे चुका है। अपर पुलिस अधीक्षक व सीओ सदर केवी अशोक ने बताया कि टीम जांच करने पश्चिम बंगाल जाएगी। अन्य बिंदुओं पर भी पुलिस जांच कर रही है।
रिमांड पर लेगी पुुलिस
पकडे़ गए आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इनसे अन्य जानकारियां लेने के लिए पुलिस अदालत से सभी का रिमांड लेगी। रिमांड पर लेने के बाद पुलिस पूछताछ करेगी। फिलहाल, पुलिस को अब तक इनकी कोई आपरधिक गतिविधियां नहीं मिली हैं। सुरक्षा एजेंसियां भी अपने स्तर पर जांच कर रही हैं।