संवाद न्यूज एजेंसी
टहरौली। तहसील क्षेत्र के ग्राम सेमरी कछियान में बारिश का पानी घरों में घुसने की खबर अमर उजाला में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद तहसील प्रशासन हरकत में आया। प्रशासनिक टीम ने गांव पहुंचकर जेसीबी मशीन की मदद से नाले की खुदाई कराकर खेतों में भरा पानी बाहर निकलवाया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
गांव में भवन निर्माण के दौरान एक व्यक्ति द्वारा खेतों से पानी की निकासी के पुराने रास्ते पर मिट्टी डाल दी गई थी। इससे बारिश के पानी का बहाव रुक गया था और खेतों में पानी भर गया था। निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से पानी गांव के कई मकानों में बारिश का पानी घुस गया था। इससे मकानों को नुकसान पहुंचने के साथ ही गृहस्थी का सामान भी भीग गया था। मामला संज्ञान में आने के बाद एसडीएम आशीष कुमार सिंह के निर्देश पर राजस्व निरीक्षक साहब सिंह और लेखपाल हिमांशु उपाध्याय गांव पहुंचे। उन्होंने जेसीबी से बंद पड़े जल निकासी मार्ग की खुदाई कराई और खेतों में भरा पानी नाले के रास्ते बाहर निकलवाया।