अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने पहलगाम की घटना को दुखद बताते हुए कहा कि पानी और खून एक साथ नहीं बहेगा। यह बात पीएम ने कही है। इसी के तहत सिंधु जल संधि स्थगित करने समेत केंद्र सरकार ने कई फैसले लिए हैं। बृहस्पतिवार को उन्होंने ये बातें सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहीं।
पूर्व मंत्री ने कहा कि अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले यह घटना हुई है। पहलगाम में कभी भी इस तरह की घटना नहीं हुई है। पहली बार हिंदू पहचान कर आतंकवादियों ने हमला किया है। किसी ने अपना पति, भाई तो किसी ने पिता को खोया है। भारत के हर नागरिक के अंदर बहुत बड़ी पीड़ा है। सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया गया है। अब सरकार की ओर से आतंकवाद और पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।