मालगाड़ी के वैगन का दरवाजा टूटने से बाहर गिरे खाद्य सामग्री के बोरियां।
झांसी। जलगांव स्पेशल मालगाड़ी के एक बाक्स वैगन का दरवाजा खजराहा स्टेशन के निकट खुल गया। इससे उसमें रखीं बोरियां बाहर की तरफ लटकने लगीं। बाद में मालगाड़ी को रोककर दरवाजे को दुरुस्त किया गया। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हो सका। इसके चलते मालगाड़ी पांच घंटे तक मौके पर खड़ी रही।
हरियाणा से महाराष्ट्र के जलगांव जा रही स्पेशल बाक्स एन मालगाड़ी झांसी से बबीना की तरफ बढ़ रही थी, तभी रास्ते में इंजन से 21वें नंबर के वैगन का दरवाजा खुल गया। गार्ड ने दरवाजा खुला देखा तो मालगाड़ी को खजराहा स्टेशन पर रोक लिया। जांच में पता लगा कि दरवाजा खुलने के बाद वैगन नंबर 33111097201 में रखी खाद्य सामग्री की बोरियां बाहर की तरफ लटक रही हैं। मालगाड़ी रुकने पर दो-तीन बोरियां नीचे भी गिर गईं। गार्ड ने इस बात की सूचना झांसी कंट्रोल को दी। सूचना पर वाणिज्य और संबंधित विभागों का स्टाफ मौके पर पहुंच गया। बोरियों की गिनती के बाद दरवाजे को दुरुस्त किया गया। इसके बाद मालगाड़ी को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। इसके पूर्व भी इस तरह के वैगनों के दरवाजे चलती गाड़ी में खुल चुके हैं, जिससे कई बार पानी के हाइड्रेंट टूट चुके हैं।