झांसी। ग्वालियर इटावा ट्रैक पर ओएचई (ओवर हैड इलेक्ट्रिक) लाइन डालने का काम पूरा कर लिया गया है। ओएचई को चार्ज कर लिया गया है। इस सप्ताह ट्रैक पर इलेक्ट्रिक इंजन चलाकर ट्रायल किया जाएगा। इसके बाद इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेनें दौड़ने लगेंगी।
ग्वालियर से बिरलानगर होकर इटावा के लिए एकल रेल लाइन जाती है। ग्वालियर से इटावा की दूरी 115 किलोमीटर है। इस लाइन पर बिरलानगर, फदरौली, शनिचरा, लिधौरा, मालनपुर, नौनेरा, रायतपुरा, गोहद रोड, सोंदारोड, सोनी, अशोकहर, इटेहा, भिंड, फूप, उदीमोर स्टेशनपड़ते हैं। अभी इस रेल लाइन पर डीजल इंजन से ट्रेनों का संचालन होता है। मगर अब इस लाइन पर ओएचई लाइन डालने का काम पूरा कर लिया गया है। लाइन को चार्ज कर लिया गया है। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही इस लाइन पर इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रायल होने जा रहा है। इस ट्रैक पर 05046 ग्वालियर इटावा फेस्टिवल स्पेशल, 01801 झांसी इटावा स्पेशल, 02125 रतलाम भिंड स्पेशल और 15046 गोरखपुर एक्सप्रेस का संचालन होता है।