वीरांगना नगर के पार्क में बना फव्वारा में कई माह से गंदा पानी भरा है। अमर उजाला
वीरांगना नगर में पार्क का निर्माण कर उद्घाटन कराना भूले अफसर
झांसी। महानगर के वीरांगना नगर में पार्क का निर्माण कराने के बाद अफसर उद्घाटन कराना भूल गए। अफसरों की अनदेखी के चलते पार्क उजड़ गया। लाइटें तक गायब हो गईं। साथ ही जगह-जगह कूड़े के ढेर लग रहे हैं। पार्क को आज तक अपना नाम ही नहीं मिल सका है।
महानगर के वीरांगना नगर में जेडीए ने करीब तीन साल पहले पार्क का निर्माण कराया था। पार्क में निर्माण के दौरान बच्चों के झूले, टहलने के लिए ट्रैक के साथ आकर्षक फव्वारा और लाइटें लगाई गई थीं। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अफसरों ने पार्क की ओर मुड़कर ही नहीं देखा। इसके बाद पार्क में व्यवस्थाएं बदहाल होती चली गईं। लोगों ने जब पार्क को नाम देने और उद्घाटन कराने के लिए कहा, तो अफसरों ने जल्द व्यवस्था सुधरवाने के लिए कहा, लेकिन कुछ नहीं हो सका। आलम यह है कि पार्क में लगाई गईं लाइटें खराब होने के साथ गायब हो गईं। पार्क में दो सोलर एलईडी लाइट लगाई गई हैं, वो भी बंद पड़ी हैं। इसके साथ ही पार्क में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। इसके साथ ही फव्वारा बंद है और उसमें गंदा पानी भरा रहता है। पार्क में अव्यवस्थाओं के चलते लोगों को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ता है। बच्चे खेलने पहुंचते भी हैं, लेकिन झूले खराब होने से कई बार चुटहिल हो चुके हैं।