झांसी। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित 11वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप के पांचवें दिन उत्तर प्रदेश, झारखंड, दिल्ली, कर्नाटक, तमिलनाडू की टीमों ने अपनी प्रतिद्वंदी टीम को हराकर मुकाबले जीते। मैच के दौरान अपर नगर आयुक्त शादाब असलम मुख्य अतिथि व पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुबोध खांडेकर विशिष्ठ अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
चैंपियनशिप में पहला मुकाबला झारखंड और अंडमान निकोबार की टीम के बीच हुआ। एकतरफा मुकाबले में झारखंड ने अंडमान की टीम को 28-0 से हराया। दूसरा मैच राजस्थान और दिल्ली की टीम के बीच हुआ। रोमांचक मुकाबले में दिल्ली की टीम 2-1 से विजयी हुई। चैंपियनशिप का तीसरा मैच कर्नाटक एवं त्रिपुरा की टीमों के बीच खेला गया। जिसमें कर्नाटक की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 11-0 से जीत दर्ज की। चौथा मैच तमिलनाडू व तेलंगाना के बीच हुआ। मुकाबले को तमिलनाडू की टीम ने 8-0 से जीता। पांचवां मुकाबला उत्तर प्रदेश और जम्मू कश्मीर के बीच हुआ। मैच के दौरान उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने शुरू से बढ़त बनाते हुए अंत तक अपनी टीम को 12-0 से जिताया। चैंपियनशिप का छठवां मैच केरल और असम के बीच हुआ। मुकाबले में केरल हॉकी टीम ने 5-0 जीत हासिल की।
यह रहे निर्णायक
मैचों के दौरान वंदना रघुवंशी, निर्मला डागर, रैनू बाला, विवेक काले, विवेक सोनी, सौरभ शर्मा, अरलोल्ड जेवियर, प्रीति सिंह, श्वेता किशोर, निशा देवी, भाग्यश्री, रमा प्रमोद, योगिता पासी, मोहित सिंह, नोपोलियन चंनाबथामन, प्रियेश, महेश्वर सिंह, राजन, मनीष कुमार निर्णायक की भूमिका में रहे।
चैंपियनशिप में आज होंगे यह मैच
चैंपियनशिप में सुबह सात बजे से छत्तीसगढ़ बनाम हिमाचल, पौने नौ बजे से पंजाब एवं अरुणाचल प्रदेश, साढ़े दस बजे से चंडीगढ़ और आंध्रा प्रदेश, सवा बारह बजे से उत्तराखंड और पडूचेरी, दोपहर दो बजे से गोवा और बिहार, पौने चार बजे से गुजरात और बंगाल के बीच मुकाबला होगा।